
अक्सर देखा यह गया है कि कुछ लोगों की प्रकृति या कहें प्रवृत्ति ऐसी होती है कि उन्हें अच्छाई में भी खोट नजर आने लगती है। किसी सही बात की तारीफ की उम्मीद तो इनसे करना बेकार है, ये तो उसमें भी मीन-मेख निकालने से नहीं चूकते। शायद ऐसी ही प्रवृत्ति जनता दल (यू) अध्यक्ष शरद यादव की भी होती जा रही है। आजकल वे बिना सोचे-समझे टिप्पणी कर देते हैं या कोई मुद्दा उठा देते हैं और बाद में उन्हें मुंह की खानी पड़ती है।
अपनी इसी प्रवृति का एक नया नमूना स्वनामधन्य श्री यादव ने कल पेश किया. शरद यादव ने सोमवार को फतुआ में एक चुनाव रैली को संबोधित करते हुए जेडी (यू) नेता और एनडीए संयोजक शरद यादव ने गांधी परिवार पर तीखे हमले किए। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल को गंगा में फेंक देना चाहिए।
उन्होंने कहा, ' मोतीलाल, जवाहरलाल, इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी और अब राहुल गांधी। अब एक नया बबुआ आ गया है। वह ऐसे करता है (भाषण शुरू करने से पहले आस्तीन चढा़ने की राहुल शैली की नकल उतारते हुए)। '
यादव ने कहा, ' तुमको मालूम क्या है ? कोई कागज पर लिख कर दे देता है और तुम पढ़ देते हो। तुम्हें तो उठाकर गंगा में फेंक देना चाहिए। लेकिन इस देश के लोग भी अजीब हैं.. यह देश बदकिस्मत है। '
दरअसल यादव राहुल की जनसभाओं में जुट रही भी़ड को देखकर बौखला गए है और इसी बौखलाहट में वह इस प्रकार की बातें बोल रहे हैं। उन्होंने राजनीतिक होशो हवास में यह बयान नहीं दिया है। श्री यादव सत्तारूढ़ पार्टी के अध्यक्ष हैं, पर वे अभी भी अपने मुख्यमंत्री की तरह संयत नहीं है. लगता तो यह है की पार्टी में अपने घटते कद ने उनके व्यक्तित्व को भी बौना बना दिया है. शरद यादव ऊपर से बहुत घबराहट में हैं, लेकिन अंदर से मुस्कुरा रहे हैं. उन्होंने अपने अटपटे भाषण से राहुल और नीतीश दोनों पर निशाना साधा है. उन्होंने राहुल और उनके स्वतंत्रता सेनानी परिवार की कटु आलोचना करते हुए कहा है कि भाषण देते हुए अपने कुरते की आस्तीन चढ़ाने वाले राहुल को गंगा में फेंक देना चाहिए.
उनको जो बोलना था, वे पूरी चालाकी के साथ बोल गए लेकिन, इससे नीतीश के लिए चुनावी रास्ता कठिन हो गया, क्योंकि शरद ने चुनावी मुद्दा ही बदल दिया और जो मुद्दा बढ़ाया है, वह घनघोर आलोचनों का शिकार होगा ही. अब शरद यादव की पार्टी जदयू भाजपा के साथ है, जो आरएसएस की एक इकाई है और आरएसएस ने तो कभी भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का समर्थन तक नहीं किया, उलटे उसने उस अभिनव भारत का साथ दिया जिसके एक सदस्य ने महात्मा गाँधी की ह्त्या कर दी थी. इस प्रकार शरद यादव ने जदयू के एक तीर(छाप) से दो-दो निशाने साधे और नीतीश को बता दिया कि वे उसके सामने दादागिरी न दिखाया करें.
इधर नीतीश, जदयू को अपनी जागीर की तरह देखने लग गए हैं. शरद जी को चटनी समझने लग गए हैं, सो शरद जी ने उनको समाजवादी दांव दिखला दिया है.
चाहे कुछ भी हो, शरद जी को भाजपाई लोगों के साथ रहते-रहते स्वतंत्र सेनानिओं के खिलाफ बोलने की भाजपाई-बीमारी लग गई है. भाजपाई लोग महात्मा गाँधी, जवाहर लाल नेहरू, डा. राजेंद्र प्रसाद आदि की आलोचना किया करते थे, लेकिन वे मोती लाल नेहरू की आलोचना नहीं किया करते थे, परन्तु शरद जी ने मोती लाल नेहरू से लेकर राहुल गाँधी तक की आलोचना कर और व्यक्तिगत आक्षेप कर, एक नया रिकार्ड बना दिया है. लेकिन, यह रिकार्ड नीतीश का भी रिकार्ड ख़राब कर देगा. पर शरद जी को क्या गम कि नीतीश की सरकार बिहार में फिर बने न बने.....नीतीश को पार्टी पर हावी होने की सजा तो मिलनी ही चाहिए. सो उन्होंने सजा दे दी है और अपने चुनावी भाषण का स्वयं लाभ उठा गए हैं.
अगर नीतीश को पता होता की शरद जी ऐसा गुल खिलायेंगे तो, वे उनको भी नरेंद्र मोदी की श्रेणी में रख देते. वरुण गाँधी की श्रेणी में रख देते- कट्टर सांप्रदाइक श्रेणी में रख देते.
अपने को असली और श्रेष्ठ सेक्यूलर मानने वाले नीतीश जी का मानना है कि भाजपा घटाव नरेन्द्र मोदी, घटाव वरुण गाँधी, एक विशुद्ध सेक्यूलर पार्टी है और अगर लोहिया जी जीवित होते तो वे आरएसएस और भाजपा की दोहरी सदस्यता ले लेते. आचार्य नरेंद्र देव जीवित होते तो वे समाजवाद में भाजपा के योगदान पर नीतीश के चश्मे से एक कीताब लिख डालते और उसे बुकर पुरस्कार मिलता.
अभी कुछ दिनों पहले भी ऐसे ही प्रयास के तहत उन्होंने संसद में यह मांग कर डाली कि धारावाहिक `बालिका वधू' में बालविवाह को प्रोत्साहन दिया जा रहा है इसलिए इसे बंद किया जाना चाहिए। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने इसकी जांच करने का आश्वासन दिया। जांच में पाया गया की सीरियल के बारे में शरद यादव ने जो शिकायत की है वह सच नहीं है। सीरियल को सरकार ने क्लीन चिट दे दी और शरद यादव अपना सा मुंह लेकर रह गये। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब शरद यादव जी को अपने कथन पर झेंपना पड़ा हो। संसद पद के लिए महिलाओं की आरक्षित सीटों को बढ़ाने का प्रयास वर्षों से चल रहा है। राजनेता ही ये सीटें बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं, इसके लिए ख्वाहिशमंद हैं और उनके बीच के ही कुछ लोग इसमें अडंगा डाल रहे हैं। इस बार जब महिला आरक्षण विधेयक को पारित करने की बात उठी तो शरद यादव आपे से बाहर हो गये। वे तमतमा गये और भरी संसद में उन्होंने ललकारा -विधेयक पारित हुआ तो मैं फांसी लगा कर आत्महत्या कर लूंगा।' ऐसा एलान कर वे खुद तो हास्यास्पद बने ही अपनी पार्टी की भी रही सही इज्जत की लुटिया डुबो दी। शरद जी तपेतपाये नेता हैं। वर्षों से राजनीति में हैं। कहें तो राजनीति घोल कर पी गये हैं फिर उनसे ऐसी भयंकर भूल कैसे हो जाती है। संभव है कि यह उनका प्रचार पाने का कोई तरीका हो, क्योंकि ऐसे तो वे खबरों में कम ही आते हैं। इस तरह की गिमिक करते रहेंगे तो सुर्खियों में तो रहेंगे ही। अखबारों का भी क्या कहें उनकी आत्महत्या की हुंकार की खबर प्रमुखता से छपी। हालाँकि कोंग्रेस ने चुनाव आयोग से इस घटना पर संज्ञान लेते हुए शरद यादव पर कड़ी कारवाही की मांग की है पर मैं तो अभी भी यही मानती हूँ की "खिसियानी बिल्ली खम्भा नोचे". बेचारे शरद यादव क्या करेंगे. पहले उलटे बयान देंगे और फिर वापिस लेंगे. अब बेचारे गंभीर मुद्रा में सोच रहे हैं "ये क्या बोल गए शरद बाबू"
umda alekh !
ReplyDeleteachha laga
सही कहा आपने
ReplyDelete